हनुमानगढ़। दुकान के सामान और बिक्री की राशि की बरामदगी नहीं होने से परेशान एक महिला ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को परिवाद सौंपकर हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना को मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है। वार्ड नंबर 5, आईटीआई बस्ती, मक्कासर निवासी पूजा यादव ने परिवाद में बताया कि उसने 7 अगस्त 2026 को हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में शिकायत देकर कुछ लोगों पर दुकान का सामान एवं दुकान की बिक्री की राशि बरामद करवाने का अनुरोध किया था। परिवाद के अनुसार थाना प्रभारी ने हेड कांस्टेबल विनोद को संबंधित लोगों से सामान बरामद कर प्रार्थीया को सौंपने के निर्देश दिए थे। महिला का आरोप है कि निर्देश के बावजूद आज तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही सामान की बरामदगी की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने हेड कांस्टेबल विनोद कुमार से सामान बरामदगी के संबंध में जानकारी मांगी तो उन्होंने संबंधित लोगों के घर जाने में डर लगने की बात कही। महिला ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास होने का भी दावा किया है। पूजा यादव ने पुलिस अधीक्षक से मामले में संज्ञान लेते हुए हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना को मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा दुकान का सामान एवं बिक्री की राशि बरामद करवाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।
