हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर सार्वजनिक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति अध्यक्ष जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन और हनुमानगढ़ जंक्शन दो प्रमुख हिस्सों में बंटा हुआ है, जहां जंक्शन क्षेत्र में जिला कलक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक, जिला परिषद, परिवहन कार्यालय, न्यायालय सहित अधिकांश प्रमुख सरकारी कार्यालय स्थित हैं। वहीं टाउन क्षेत्र में महात्मा गांधी राजकीय जिला चिकित्सालय, नगर परिषद, पंचायत समिति, राजकीय महाविद्यालय सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान मौजूद हैं। लेकिन करीब 15 किलोमीटर लम्बे इस क्षेत्र के लिए आमजन के लिए सस्ती व सुगम सार्वजनिक यातायात सुविधा उपलब्ध नहीं है। बेनीवाल ने बताया कि पहले जिला अस्पताल से कलक्ट्रेट व धानमंडी जंक्शन तक सिटी बसों का संचालन होता था, जो अब बंद हो चुका है। वर्तमान में ऑटो व ई-रिक्शा ही एकमात्र साधन हैं, जिनमें मनमाना किराया वसूला जा रहा है। आरोप है कि 100 मीटर से लेकर 7 किलोमीटर तक न्यूनतम 20 रुपए और टाउन से कलक्ट्रेट तक करीब 40 रुपए प्रति व्यक्ति किराया लिया जा रहा है, जिससे आमजन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि हजारों लोग रोजाना इन कार्यालयों में आते-जाते हैं, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। साथ ही ऑटो व ई-रिक्शा के कारण सड़कों पर भीड़भाड़ और यातायात अव्यवस्था भी बढ़ रही है। मांग की गई है कि सार्वजनिक यातायात व्यवस्था के तहत सिटी बसों का संचालन शीघ्र शुरू किया जाए। इसके लिए निजी बसों के साथ-साथ राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों को भी शामिल किया जा सकता है। पार्टी ने प्रशासन से सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन को सस्ती और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
