ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए सिरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गश्त और चेकिंग के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों से तीन युवकों को 4 किलो 656 ग्राम डोडा चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पहली कार्रवाई में पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव नेजाडेला की ओर जा रही थी। इस दौरान सामने से बाइक पर प्लास्टिक कट्टा लिए दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक घबरा गए और बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक बंद हो गई। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों को काबू कर पूछताछ की, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में प्लास्टिक कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें से 3 किलो 22 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ बाबू पुत्र जोगा सिंह और सागर पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गुरु तेग बहादुर नगर, सिरसा के रूप में हुई है। वहीं दूसरी कार्रवाई में सीआईए सिरसा की टीम महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, सिरसा के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान एक युवक प्लास्टिक पॉलीथिन लेकर आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर वापस मुड़कर खिसकने लगा। शक के आधार पर उसे काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पॉलीथिन से 1 किलो 634 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखबिंद्र सिंह उर्फ लखा पुत्र रिंकू सिंह निवासी जन कल्याण नगर, सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
