ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की 20 ग्राम 200 मिलीग्राम हेरोइन बरामद कर पति-पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा टीम के प्रभारी ने बताया कि सीआईए की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान पुराना केलनिया घग्गर बांध पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव खैरेकां की ओर से मोटरसाइकिल पर एक महिला सहित दो युवक आते दिखाई दिए। सामने पुलिस की गाड़ी देखकर बाइक सवार युवकों ने अचानक मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस को शक होने पर पीछा कर बाइक सवार करण सिंह पुत्र निर्मल सिंह, उसकी पत्नी रिया निवासी गांव भंबूर तथा सागर सिंह पुत्र शक्ति सिंह निवासी गांव गोनियाना जिला मुक्तसर (पंजाब) को काबू कर लिया गया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 12 ग्राम 610 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि दूसरी घटना में सीआईए सिरसा की एक अन्य पुलिस टीम गांव रोड़ी से गांव जाटान की ओर गश्त कर रही थी। जब पुलिस पार्टी गांव जाटान के नजदीक पहुंची तो सामने से एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक अचानक बंद हो गई। पुलिस ने शक के आधार पर युवक गुरदीप सिंह उर्फ ग्रेवाल पुत्र गग्गी सिंह निवासी बांदर पत्ती रोड़ी जिला सिरसा को काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7 ग्राम 690 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। सीआईए सिरसा टीम के प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच संबंधित थाना पुलिस को सौंप दी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
