हनुमानगढ़। राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे सुरक्षा सखी अभियान के तहत बुधवार को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-4 की महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया। इस दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-4 में कार्यरत महिला कांस्टेबल कृष्णा और सुमनबाला ने बाइपास स्थित बेबी हैप्पी कॉलेज की छात्राओं तथा मरूधरा क्लासेज में अध्ययनरत बालिकाओं तथा सिटी मॉल में कार्यरत महिला कर्मचारियों से संवाद किया।

उन्होंने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए जारी हेल्पलाइन नम्बर 1090 और 112 के बारे में जानकारी दी और जरूरत पड़ने पर इन नम्बरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को राजकॉप सिटीजन एप के बारे में भी बताया और इसके पोस्टर लगाकर एप के उपयोग तथा इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस एप के माध्यम से आम नागरिक पुलिस से आसानी से संपर्क कर सकते हैं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में भी जागरूक किया गया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

