– नगर परिषद से गुहार-गोवंश को गोशाला भेजने, डिवाइडर के पौधों की देखभाल और हरियाली बचाने की मांग
हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के वार्ड संख्या 59 स्थित सुरेशिया क्षेत्र में निराश्रित गोवंश की बढ़ती संख्या स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़कों पर दिनभर घूमने वाले गोवंश के कारण हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है, वहीं डिवाइडरों पर लगाए गए पौधों की अनदेखी से हरियाली भी खत्म होती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए निराश्रित गोवंश को गोशालाओं में भेजने तथा पौधों के संरक्षण के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की अपील की है। वार्ड 59 के निवासी रामनिवास और अमरचंद ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश खुलेआम घूमता रहता है। कई बार ये आपस में लड़ते-भिड़ते हैं, जिससे सड़क पर गुजरने वाले लोगों को जान-माल का खतरा बना रहता है। उनकी जोर-अजमाइश में वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते हैं और अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंचता है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गांे के लिए स्थिति और अधिक चिंताजनक है, क्योंकि वे कभी भी इनकी चपेट में आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि शाम के समय सुरेशिया पुलिस चौकी और यादव टाल के आसपास बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश का जमावड़ा लग जाता है।

इस दौरान सड़क से पैदल या वाहन लेकर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार लोगों को रास्ता बदलने तक की नौबत आ जाती है, जिससे स्थानीय निवासियों में लगातार असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने डिवाइडरों पर लगाए गए पौधों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि पौधों की नियमित देखभाल नहीं होने के कारण अधिकांश पौधे सूख चुके हैं। निराश्रित गोवंश ने पौधों की सुरक्षा के लिए लगाए गए ट्री गार्ड तोड़ दिए, जबकि कुछ ट्री गार्ड असामाजिक और नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग उठाकर ले गए। परिणामस्वरूप कई स्थानों पर पौधे पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं और जिन पौधों पर सरकारी धन खर्च किया गया था, वे पानी और संरक्षण के अभाव में सूख गए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि केवल पौधारोपण कर देना पर्याप्त नहीं है। यदि पौधों की बच्चे की तरह नियमित देखभाल नहीं की जाएगी तो वे पेड़ नहीं बन पाएंगे। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान प्रशासन शहरभर में नए पौधे लगाने की बात कर रहा है, लेकिन यदि उनकी उचित सुरक्षा और सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो उनका भी वही हाल होगा, जो पहले लगाए गए पौधों का हुआ है। इससे सरकारी बजट की भी अनावश्यक बर्बादी होगी। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि वार्ड में घूम रहे निराश्रित गोवंश को तत्काल पकड़कर गोशालाओं में भेजा जाए। साथ ही डिवाइडरों पर लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर की हरियाली बचाई जा सके और आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।
