चारणवासी। सेना टावर से गांव तक करीब एक किलोमीटर लंबी ‘मिसिंग लिंक’ सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस सड़क के बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन के लिए एक नया और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। विभाग के एक्सईएन विनोद कुमार खालिया ने बताया कि इस सड़क का टेंडर निर्मल कंस्ट्रक्शन कंपनी मल्लेका (सिरसा)को दिया गया है। सड़क के लिए चिन्हित जगह की पैमाइश कर समतलीकरण का कार्य चल रहा है। गौरतलब है कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया की अनुशंसा पर सरकार ने इस 1 किमी के टुकड़े के लिए 40 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। सड़क निर्माण के बाद ग्रामीणों को अब रामदेव मंदिर के पास से लंबा चक्कर काटकर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। लोग सीधे नवनिर्मित मार्ग से होते हुए सेना टावर के पास पहुंच सकेंगे और वहां से पुनः चक 9 केएनएन वाली मुख्य सड़क से जुड़ सकेंगे।
