- हनुमानगढ़ टाउन में गूंजे सर्वधर्म सद्भाव के स्वर, शिविरार्थियों ने वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुत की विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाएं
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ हनुमानगढ़ टाउन के तत्वावधान में माता किताब कौर महाविद्यालय, 14 एसएसडब्ल्यू के परिसर में आयोजित द्वितीय एवं तृतीय सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए धार्मिक सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। समापन समारोह के दौरान शिविरार्थियों ने वाद्य यंत्रों के साथ रामधुन, नामधुन, सिख धर्म प्रार्थना, मुस्लिम धर्म प्रार्थना तथा प्रसिद्ध सर्वधर्म प्रार्थना ‘हर देश में तू, हर वेश में तू’ का सामूहिक गायन किया। विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया। कार्यक्रम में स्काउट मास्टर प्रदीप शर्मा, स्काउट मास्टर हरप्रीत सिंह तथा ट्रेनिंग काउंसलर भूपेन्द्र कौशिक ने भजनों की प्रस्तुति दी। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में उपप्रधान शकुन्तला लाम्बा, छत्रसाल सिंह राघव, जनप्रतिनिधि महावीर सिल्लू, स्काउट मास्टर सुरजीत सिंह, हरिसिंह, गाइडर रतना देवी, प्रियंका स्वामी, मीरा शर्मा और निशा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रशिक्षण शिविर में शांति निकेतन विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय चौहेलांवाली, चौधरी पुरखाराम मूंड मेमोरियल माध्यमिक विद्यालय कोहला, डीएवी पब्लिक स्कूल तथा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पंजाबी मोहल्ला के स्काउट्स एवं गाइड्स ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके अलावा सेठ राधाकृष्णन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय हनुमानगढ़ टाउन, किड्स कैम्प स्कूल और नेहरू मॉडल माध्यमिक विद्यालय की गाइड्स ने भी शिविर में भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के समापन पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा के माध्यम से आपसी प्रेम, सद्भाव, अनुशासन और एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने के महत्व को रेखांकित किया गया।
