हनुमानगढ़। अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना की जोधपुर प्रांत कार्यकारिणी के जिला प्रभारी अशोक कुमार शर्मा ने सोमवार को हनुमानगढ़ जिले का प्रवास किया। इस दौरान राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड कार्यालय के सभागार में इतिहास संकलन समिति के संदर्भ में बैठक आयोजित हुई, जिसमें इतिहास के स्वरूप, महत्व और आवश्यकता पर चर्चा की गई। बैठक में हनुमानगढ़ इतिहास संकलन समिति इकाई के सदस्यों ने भी इतिहास के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि इतिहास केवल घटनाओं का क्रम नहीं है, बल्कि यह समाज, संस्कृति, परंपराओं और विरासत का दर्पण है। इतिहास को समझना समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के लिए आवश्यक है। इस मौके पर डॉ. राम गोपाल शर्मा ने क्षेत्रीय इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी इतिहास शोधकर्ता के लिए सबसे पहले अपने क्षेत्र का इतिहास जानना जरूरी है। उन्होंने गांवों के इतिहास, सांस्कृतिक परंपराओं, खान-पान, वेशभूषा और स्थानीय विरासत के दस्तावेजीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। इसके बाद डॉ. राजशेखर पुरोहित ने सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए आजीवन सदस्यता और आगामी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला। बैठक के दौरान डॉ. अशोक शर्मा ने हनुमानगढ़ की नई कार्यकारी जिला इकाई की घोषणा की। इसमें हरदेव जोशी, संतोष राजपुरोहित तथा जितेंद्र कुमार बठला को संरक्षक नियुक्त किया गया। वहीं रजनीश गोदारा को कार्यकारी अध्यक्ष, विजय सिंह गोदारा को उपाध्यक्ष, प्रेम दूधवाल को कोषाध्यक्ष तथा हरजिंद्र सिंह को युवा इतिहासकार नियुक्त किया गया। जिलाध्यक्ष को आगे कार्यकारिणी विस्तार का दायित्व सौंपा गया है। आगामी बैठक में अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों का गठन किया जाएगा। बैठक में शिवशंकर चौधरी, गोविंद श्रीमाली, सीताराम शर्मा, भारत भूषण शर्मा, इंद्राज, लोकेश सहारण, विनोद प्रकाश, रणवीर सहू, रोहिताश चुघ, कुंदन लाल, रमेश मीणा, राजेन्द्र स्वामी, दुलीचंद वर्मा, हेतराम दुबे, दीपक राजपुरोहित, अरविंद कुमार, दिनेश सहारण, मनमोहन शर्मा, अभिमन्यु और सोहन गोदारा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रांतीय उपाध्यक्ष लीलाधर वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
