हनुमानगढ़। विशाखापटनम आंध्र प्रदेश मेडटेक जोन में आयोजित तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। लीग मुकाबलों से लेकर नॉकआउट चरण तक राजस्थान की टीम ने लगातार जीत दर्ज कर अपने दबदबे का परिचय दिया है। टूर्नामेंट के लीग चरण में राजस्थान ने झारखंड को 22-2, तमिलनाडु को 54-13, मध्य प्रदेश को 70-18 और पंजाब को 54-13 से पराजित कर खुद को शीर्ष दावेदार के रूप में स्थापित किया। इसके बाद बेहद रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र को 74-69 से मात देकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में हरियाणा के खिलाफ राजस्थान ने एकतरफा खेल दिखाते हुए 32-13 से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। राजस्थान टीम के इंचार्ज अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह ने बताया कि टीम ने पिछले वर्ष दूसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीता था। इस बार फाइनल में पहुंचने के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और अनुशासित प्रशिक्षण का बड़ा योगदान रहा है। राजस्थान पैरा कबड्डी संघ की सचिव संदीप कौर और अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने टीम के फाइनल में पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। टीम का पंद्रह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर कोच सुनील सामरिया के नेतृत्व में अम्बेडकर भवन, हनुमानगढ़ में आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण शिविर के आयोजन में राही सोशल वेलफेयर सोसायटी और जनसहयोग की अहम भूमिका रही। राही सोशल वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष योगेश कुमावत ने बताया कि राजस्थान टीम के खिलाड़ियों के लिए यह प्रशिक्षण शिविर समाजसेवी संस्था और स्थानीय लोगों के सहयोग से लगाया गया, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि राजस्थान टीम को संस्थापक एडवोकेट शंकर सोनी की ओर से शहीद स्मारक से रवाना किया गया था, जिससे खिलाड़ियों में वीर शहीदों के आशीर्वाद से जीत का आत्मविश्वास और जुनून देखने को मिला। अब फाइनल मुकाबले में राजस्थान का सामना हिमाचल प्रदेश से होगा, जहां गोल्ड मेडल के लिए जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी। पूरे प्रदेश की निगाहें अब इस निर्णायक मुकाबले पर टिकी हुई हैं।
