– 17 नर्सरियों में उपलब्ध हैं पौधे, आमजन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकेंगे खरीदारी
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी हरियालो राजस्थान कार्यक्रम के तहत इस वर्ष हनुमानगढ़ जिले में 21 लाख 17 हजार 458 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग और पंचायतीराज विभाग की ओर से बड़े स्तर पर पौधों की तैयारी की गई है तथा आमजन के लिए पौधों का वितरण भी शुरू कर दिया गया है। वन विभाग के अनुसार जिले की 17 नर्सरियों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध हैं।

इनमें से 18 लाख 88 हजार पौधे वन विभाग तथा 2 लाख पौधे पंचायतीराज विभाग की ओर से तैयार किए गए हैं। विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से सभी नर्सरियों से पौधों का वितरण प्रारंभ हो चुका है। आमजन नर्सरी में पहुंचकर सीधे पौधे खरीद सकते हैं, वहीं ऑनलाइन माध्यम से भी पौधों की बुकिंग और भुगतान की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। स्थानीय जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शीशम, बकैन, नीम, खेजड़ी, अरडू, बैर, सहजन, अमलतास सहित अन्य प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं।

अभियान के तहत मानसून सत्र में पंचायतीराज विभाग 5.50 लाख पौधे, शिक्षा विभाग 4 लाख 36 हजार पौधे तथा वन विभाग 3 लाख 83 हजार पौधे रोपेगा। इसके अलावा अन्य विभागों और संस्थाओं को भी पौधारोपण अभियान से जोड़ा गया है। विशेष बात यह है कि लगाए जाने वाले सभी पौधों की हरियालो एप पर जियो टैगिंग की जाएगी, जिससे पौधों की निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

इससे पौधारोपण के बाद उनकी वास्तविक स्थिति और जीवित रहने की दर पर भी नजर रखी जा सकेगी। उपवन संरक्षक सुरेश आबुसरिया ने बताया कि हरियालो राजस्थान राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत प्रतिवर्ष 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी राजस्थान ने निर्धारित लक्ष्य हासिल किया था और इस बार भी सभी विभागों एवं आमजन के सहयोग से लक्ष्य प्राप्त करने का पूरा

प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से आगामी मानसून के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही घरों, खेतों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर वृक्षारोपण कर पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का भी आह्वान किया।
