हनुमानगढ़। आठ फरवरी को प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन को लेकर जंक्शन स्थित आजाद वाटिका, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तैयारी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जिला प्रचारक राधेश्याम की ओर से सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। साथ ही आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा पर चर्चा की गई। जनसंपर्क अभियान, व्यवस्थाएं, अनुशासन और व्यापक सहभागिता को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि सम्मेलन से पूर्व प्रात:काल कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गां से होकर निकाली जाएगी, जिसमें मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले समाजजन सहभागिता करेंगे। कलश यात्रा के माध्यम से नगर में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना का संदेश प्रसारित किया जाएगा।

वक्ताओं ने बताया कि हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, सनातन संस्कृति एवं मूल्यों के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है। सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और एकता का वातावरण निर्मित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस मौके पर मौजूद सर्व हिंदू समाज के कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों ने सम्मेलन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि आने वाले दिनों में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सम्मेलन से जोड़ा जा सके।
