हनुमानगढ़। गांव करणीसर-सहजीपुरा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर शिक्षा समिति उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा 10 की छात्रा हीना सहारण पुत्री रामप्रताप ने 98.50 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य मेरिट में 9वां स्थान प्राप्त किया। हीना ने गणित और विज्ञान विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।


इसी कड़ी में छात्रा हरमनजोत पुत्री उदयदीप ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य स्तरीय मेरिट में स्थान बनाया, वहीं वर्षा दूधवाल ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 12 में वंतिका कंवर पुत्री महेन्द्र सिंह ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वंतिका ने भूगोल और अंग्रेजी साहित्य में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

विद्यालय प्रांगण में आयोजित समारोह में इन सभी होनहार छात्राओं का माला पहनाकर व राजस्थानी साफा बांधकर सम्मान किया गया। इस मौके पर विद्यालय व्यवस्थापक महेन्द्र बादड़ा ने घोषणा की कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सभी छात्राओं को संस्था की ओर से स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रधानाचार्य सिकन्दर सिंह ने बताया कि शानदार परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यालय की 12 छात्राओं का चयन गार्गी पुरस्कार के लिए तथा 32 छात्राओं का चयन बालिका प्रोत्साहन राशि के लिए हुआ है। विद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं की इस सफलता को शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया।

