हनुमानगढ़। जिले में रंगों के पावन पर्व होली एवं धुलंडी के अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने समस्त जिला वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने होली को उमंग, उत्साह और भाईचारे का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व आपसी सद्भाव, प्रेम और मिल-जुलकर रहने की भावना को सुदृढ़ करता है। होली अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश देती है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। जिला कलेक्टर ने कहा कि होली का पर्व हमें सामाजिक एकता, सौहार्द और आपसी सहयोग का महत्व समझाता है। उन्होंने कामना की कि यह रंगों का त्योहार सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि के रंग भरे। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे त्योहार को सौहार्द, जिम्मेदारी और सुरक्षित तरीके से मनाएं, ताकि खुशी का यह अवसर सभी के लिए यादगार बन सके। अपने संदेश में डॉ. यादव ने जिले के नागरिकों से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से स्वरोजगार हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी लेकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा कवरेज सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि यह योजना जरूरत के समय आमजन के लिए संजीवनी का कार्य करती है। उन्होंने सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत सोलर संयंत्र स्थापित कर नागरिक न केवल बिजली बिल में राहत पा सकते हैं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर भी अग्रसर हो सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन पर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ ले सकें। सड़क सुरक्षा के संदर्भ में जिला कलेक्टर ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले भले नागरिकों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी। अंत में जिला कलेक्टर ने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर होली का पर्व सौहार्द, जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ मनाएं तथा सामाजिक एकता को और मजबूत करें। उन्होंने एक बार फिर समस्त जिला वासियों को होली एवं धुलंडी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की कामना की।
