हनुमानगढ़। शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान होली पर्व से पूर्व आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष खाद्य सुरक्षा एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 3 मार्च तक जारी रहेगा। अभियान आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि होली के दौरान मावा, मिठाई, नमकीन, पेय पदार्थ एवं अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ जाती है। इसको ध्यान में रखते हुए मिलावट की संभावनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। अभियान के तहत मिठाई की दुकानों, डेयरियों, थोक विक्रेताओं, किराना प्रतिष्ठानों एवं अस्थायी स्टॉलों की सघन जांच की जा रही है। शनिवार को खण्ड भादरा क्षेत्र में खाद्य सामग्री की जांच कर सात सैम्पल संग्रहित किए गए।

इनमें ओम विष्णु स्वीट्स से मीठा मावा, श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला, चौधरी स्वीट्स से लड्डू, बीकानेर स्वीट्स से गुलाब जामुन, बालाजी स्वीट्स से मावा मिठाई, शर्मा मिष्ठान भंडार से बेसन चक्की तथा सूर्य डेयरी एण्ड डेयरी से दही का सैम्पल शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भिजवाया गया है। इसके अतिरिक्त खण्ड नोहर में भवानी मिष्ठान भंडार की जांच के दौरान निरीक्षण दल ने 50 किलो दूषित मावा मौके पर ही नष्ट करवाया। इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, लैब टेक्नीशियन सुभाष कुमार, गार्ड रणवीर गिरी एवं पायलट गुरशरण सिंह शामिल रहे। डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की खाद्य मिलावट की शिकायत विभागीय हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं। चिकित्सा विभाग ने स्पष्ट किया है कि “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत जिले में सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि होली का पर्व सुरक्षित, स्वस्थ एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
