हनुमानगढ़। जिले की ग्राम पंचायत कुलचन्द्र के किसानों ने सिंचाई पानी की समस्या को लेकर बुधवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है। किसानों का आरोप है कि पिछले करीब 10 वर्षां से चक 602 आरडी (आईजीएनपी) का खाला क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि उक्त खाले का निर्माण वर्ष 2015-16 में मनरेगा योजना के तहत करवाया गया था, लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही खाला क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते किसानों को लगातार नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि खाले को जर्जर घोषित करवाने के लिए कई बार सक्षम अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर किसानों को गुमराह किया जा रहा है।

किसानों ने मांग की है कि चक 602 आरडी के खाले को जर्जर घोषित कर उसके मलबे की नीलामी करवाई जाए और पुन: निर्माण कराया जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था सुचारू हो सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान सरकार की ओर से आईजीएनपी खालों के निर्माण के लिए हनुमानगढ़ जिले को बजट दिया गया है, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी 10 वर्षां पुरानी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 6 अप्रैल से कुलचन्द्र में धरना शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही कुलचन्द्र से गुजरने वाली हरियाणा संपर्क सड़क को जाम करने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। इस मौके पर मनोज नेहरा, रघुवीर डूडी, कृष्ण डूडी, अभिमन्यु झोरड़, सुरेंद्र सहारण, इंद्रजीत ऐचरा, मुकेश भोभिया, विनोद निमिवाल, विजय भाम्भू और सूरजभान नेहरा सहित कई किसान मौजूद रहे।

