हनुमानगढ़। टिब्बी तहसील के चक 13 सीडीआर कॉलोनी के निवासियों ने मंगलवार को जिला कलक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर कॉलोनी में जल्द विद्युत कनेक्शन उपलब्ध करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि कॉलोनी में करीब 30 से 35 परिवार पिछले 10 से 15 वर्षांे से मकान बनाकर निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें विद्युत कनेक्शन की सुविधा नहीं मिल पाई है। ग्रामीणों के अनुसार चक 13 सीडीआर की अन्य ढाणियों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध हैं, जबकि कॉलोनी के निवासी लंबे समय से इस मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र राइस बेल्ट होने के कारण यहां मच्छरों की समस्या भी अधिक रहती है। बिजली के अभाव में रात के समय बच्चों, बुजुर्गांे और अन्य ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि विद्युत सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस संबंध में टिब्बी एवं हनुमानगढ़ के विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए चक 13 सीडीआर कॉलोनी में विद्युत लाइन एवं कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की। उनका कहना है कि वर्षांे से निवास कर रहे परिवारों को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा मिलने से उनकी दैनिक जीवन की परेशानियां दूर होंगी तथा बच्चों की पढ़ाई भी सुचारू रूप से हो सकेगी। इस मौके पर सीमा रानी, बलविन्द्र कौर, कौशल्या, लक्ष्मी, कुलवन्त कौर, कुलविन्द्र कौर, सीतादेवी सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
