हनुमानगढ़। नवां बाइपास पर करीब एक दशक पहले निर्मित नई सब्जी मंडी आज भी बिजली कनेक्शन के अभाव में अंधेरे में है। भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने से आढ़तियों में रोष है। गुरुवार को सब्जी मंडी आढ़तिया यूनियन के बैनर तले व्यापारियों ने जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता से मुलाकात कर जल्द बिजली कनेक्शन जारी करने की मांग की। सब्जी मंडी आढ़तिया यूनियन के अध्यक्ष रतीराम शाक्य ने बताया कि जंक्शन की पुरानी सब्जी मंडी में जगह कम पड़ने के कारण नवां बाइपास पर नई मंडी का निर्माण कराया गया था। हालांकि भवन बने करीब दस वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक व्यापारियों को दुकानें आवंटित नहीं की गई हैं। उन्होंने बताया कि भवन का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और केवल विद्युत कनेक्शन का कार्य शेष है। उन्होंने कहा कि नई सब्जी मंडी परिसर में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद वहां दो चौकीदार तैनात किए गए। लेकिन बिजली नहीं होने के कारण चौकीदारों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार चौकीदार अधिक समय तक ड्यूटी नहीं कर पाते, जिससे व्यापारियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ती है। मंडी के लिए आठ किलोवाट के विद्युत कनेक्शन का आवेदन भी किया जा चुका है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कनेक्शन जारी नहीं किया गया। आढ़ती ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि बिजली के अभाव में मंडी परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए जा सके हैं, जबकि यहां कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि करीब छह माह पहले बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया था। विभाग की ओर से बताई गई सभी कमियों को भी दूर कर दिया गया, लेकिन अब मार्केटिंग बोर्ड अथवा हैंडओवर प्रक्रिया का हवाला देकर कनेक्शन जारी नहीं किया जा रहा है। व्यापारियों ने बताया कि कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारियों ने दीपावली से पहले नई सब्जी मंडी में दुकानों का आवंटन करने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली कनेक्शन नहीं मिला तो मंडी को शुरू करना मुश्किल होगा। आढ़तियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत कनेक्शन जारी नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर मनमिन्द्र सिंह, सतपाल छाबड़ा आदि मौजूद रहे।
