हनुमानगढ़। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में खण्ड भादरा के गांव नेठराना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत रेफर किए गए बच्चों के उपचार के लिए बुधवार को एक दिवसीय रेफरल कैम्प का आयोजन किया गया। इस कैम्प का उद्देश्य विभिन्न रोगों से ग्रसित बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध करवाना रहा। कैम्प के दौरान चर्म रोग से पीड़ित 7, ओटाइटिस मीडिया के 2, दंत रोग के 15 तथा दृष्टि दोष के 64 बच्चों सहित कुल 102 बच्चों की जांच की गई। इनमें से 23 बच्चों का मौके पर ही उपचार किया गया, जबकि 10 बच्चों को गंभीर रोगों के उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया। रेफर किए गए बच्चों में 8 दंत रोग एवं 2 हाइपोथायरायडिज्म से पीड़ित बच्चे शामिल रहे। दृष्टि दोष से ग्रसित बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैम्प स्थल पर ही रेफ्रेक्शन जांच की व्यवस्था की गई, जिससे बच्चों को समय पर जांच एवं आवश्यक परामर्श मिल सका। कैम्प में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं प्रदान की, जिनमें डॉ. मोनिका (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय राहड़ (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय पूनिया (ईएनटी विशेषज्ञ), डॉ. जसवंत सहारण (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. राजेन्द्र सिंह (अस्थि रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. अंकिता (दन्त चिकित्सक) शामिल रहे। इनके सहयोग में दन्त सहायक सुमन देवी तथा नेत्र सहायक भंवरलाल ने भी सेवाएं दीं। कैम्प के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं एवं पंजीयन कार्य आरबीएसके आयुष चिकित्सक डॉ. हरिशंकर, डॉ. अमरचंद तथा एएनएम धापा एवं ममता की ओर से सम्पन्न कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस कैम्प से क्षेत्र के बच्चों को लाभ मिला और अभिभावकों ने समय पर उपचार सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विभाग का आभार व्यक्त किया।
