हनुमानगढ़। पदोन्नति विसंगति दूर करने एवं 8, 16, 24 एवं 32 वर्ष की सेवा पर चयनित वेतनमान लागू करने सहित सात संकल्प के साथ अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ की ओर से 12 जनवरी को जयपुर में चेतावनी महारैली निकाली जाएगी। चेतावनी महारैली को सफल बनाने के लिए महासंघ की जिला शाखा के पदाधिकारियों की ओर से विभागीय कार्यालयों में कर्मचारियों से जनसम्पर्क किया जा रहा है।

इसी कड़ी में महासंघ जिलाध्यक्ष चन्द्रभान ज्याणी एवं जिला मंत्री रामनिवास के नेतृत्व में उपवन संरक्षक कार्यालय में जनसम्पर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष चन्द्रभान ज्याणी ने बताया कि महासंघ के सात संकल्प में पदोन्नति-वेतन विसंगति दूर करना, केन्द्र के पे लेवल के समान वेतनमान स्वीकृत करना, अस्थाई कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी 26 हजार जबकि संविदा कर्मचारियों को स्थाई करना, नई भर्ती, पुलिस विभाग के कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश, पुरानी पेंशन योजना की सुरक्षा सुनिश्चित करना, संविदा एवं मानदेय कार्मिकों का नियमितीकरण करना, पारदर्शी स्थानांतरण नीति जारी करना एवं तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, विभिन्न विभागों, निगम एवं बोर्ड को समाप्त कर किए जा रहे निजीकरण को बंद करना तथा कर्मचारियों के मान-सम्मान एवं स्वाभिमान की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।

ज्याणी ने बताया कि 11 सूत्री मांगपत्र काफी समय से सरकार के पास लम्बित पड़ा है। लेकिन सरकार ने उन मांगों के संबंध में कभी भी किसी प्रकार की वार्ता संगठन स्तर पर नहीं की। न ही सरकार के कान पर जूं रेंग रही है। अगर सरकार अब भी कोई उचित कदम नहीं उठाती है तो 12 जनवरी को जयपुर में विशाल महारैली की जाएगी।

