– वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर एवं भारत विकास परिषद के तत्वावधान में होगा आयोजन
हनुमानगढ़। वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर तथा भारत विकास परिषद के तत्वावधान में 12 जुलाई को पीलीबंगा के वार्ड नंबर 11, रविदास मंदिर के पास स्थित आदर्श विद्या मंदिर नया भवन में नि:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें अनुभवी आयुर्वेदाचार्य एवं प्राकृतिक चिकित्सक विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान करेंगे। शिविर में आमजन के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों से परामर्श तथा आहार एवं जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। रोगियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित आहार-विहार, दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए जाएंगे, ताकि वे लंबे समय तक स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकें। वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के कारण लोग अनेक बीमारियों से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में यह शिविर आमजन के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां बिना किसी शुल्क के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सकों से जांच, परामर्श एवं उपचार प्राप्त किया जा सकता है। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। ऐसे शिविर न केवल रोगों के उपचार में उपयोगी सिद्ध होते हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और आयुर्वेद के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भी करते हैं। शिविर कार्यवाहक विकास भादू ने सभी नागरिकों से अपने परिवारजनों, मित्रों एवं परिचितों के साथ शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाने की अपील की।
