–सिरसा में एंटी नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई, दो युवक हेरोइन सहित काबू
ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिला की सीआईए सिरसा व एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस ने गश्त के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को हजारों रुपये की 13 ग्राम 73 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम शाहपुर बेगू की तरफ गश्त पर जा रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर उक्त युवक ने अचानक बाइक को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सूखचैन पुत्र भोला राम निवासी शाहपुर बेगू, सिरसा के रूप में हुई है। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7 ग्राम 340 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल की पुलिस टीम गांव निर्बान के पास गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव निर्बान की ओर से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह युवक वापस मुड़कर भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान नरेंद्र पुत्र बलबीर निवासी गांव निर्बान के रूप में हुई। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6 ग्राम 39 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं तथा जांच संबंधित थानों को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ कर हेरोइन तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
