– बेटियों को सुरक्षा कवच देने में हनुमानगढ़ सम्भाग में रहा अव्वल
हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार 24 अप्रैल को जिलेभर में आयोजित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण विशेष अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अभियान के तहत जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को लक्षित करते हुए व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया गया। जिले में आज 400 बच्चियों से अधिक बच्चियों ने एचपीवी वैक्सीनेशन करवाया, जो सम्भाग में सर्वाधिक रहा। हनुमानगढ़ जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जंक्शन स्थित शहरी यूपीएचसी में एचपीवी टीकाकरण अभियान में पहुंचकर बच्चियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने वैक्सीनेशन करवा रही बच्चियों एवं उनके परिजनों को इस महत्वपूर्ण वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में एक मजबूत कदम है। हम सब मिलकर अपनी बच्चियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण करवाकर उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की नींव रखें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलेभर में बनाए गए 63 वैक्सीनेशन साइट्स पर सुव्यवस्थित ढंग से टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए, जहां कुल 400 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने बताया कि यह अभियान बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभियान के दौरान चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीमों ने पूरी तत्परता के साथ कार्य किया। प्रत्येक वैक्सीनेशन साइट पर आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे कोल्ड चैन, एईएफआई किट, स्वच्छ वातावरण, अल्पाहार, पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे टीकाकरण प्रक्रिया सुरक्षित एवं सुचारु रूप से सम्पन्न हो सकी।

सम्भाग में हनुमानगढ़ रहा सबसे आगे
एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत हनुमानगढ़ जिले ने सम्भाग में सर्वाधिक टीकाकरण कर अग्रणी स्थान प्राप्त किया है, जो जिले की बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं एवं प्रभावी जनजागरूकता का परिणाम है। जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग ने इस सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया है।

जागरुकता गतिविधियों का मिला सकारात्मक परिणाम
डॉ. शर्मा ने बताया कि अभियान से पूर्व विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं, जिसका सकारात्मक परिणाम टीकाकरण दिवस पर देखने को मिला। अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी बेटियों को टीकाकरण के लिए भेजा। इसके अलावा जिले के सरकारी एवं निजी चिकित्सकों द्वारा भी अभिभावकों से अपील की गई कि एचपीवी टीकाकरण अभियान अधिक से अधिक बच्चियों का टीकाकरण करवाएं। हनुमानगढ़ में संचालित सशक्त नारी संस्थान की श्रीमती मिताली अग्रवाल ने विद्यालयों में जागरुकता संदेश दिया, जिसके चलते सात बच्चियों ने एचपीवी वैक्सीनेशन करवाया।

अभिभावकों को प्रेरित करने के लिए पीलीबंगा में अनूठी पहल, एसडीएम ने बेटी को टीका लगवाकर दिया संदेश
उपखण्ड पीलीबंगा में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत एक प्रेरणादायक पहल के साथ की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पीलीबंगा में उपखण्ड अधिकारी (एसडीएम) उमा मित्तल ने अपनी पुत्री चार्वी गुप्ता को टीका लगवाकर अभिभावकों को जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूर्णत: सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जो किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रांति में न आएं और अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं।
