हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को वर्ष 2026 की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल क्रियान्वयन और संचालन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश तनवीर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में हनुमानगढ़ मुख्यालय के समस्त न्यायिक अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे, जबकि सभी तालुका स्तर के न्यायिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक के दौरान जिला एवं सेशन न्यायाधीश तनवीर चौधरी ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे जाने वाले प्रकरणों की जानकारी देते हुए सभी न्यायिक अधिकारियों को वर्ष 2026 की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि बैंक, बीमा, बिजली, पानी, टेलीफोन आदि से संबंधित प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य मामलों को अधिक से अधिक चिन्हित किया जाए। साथ ही पक्षकारों के मध्य प्री-काउंसलिंग कर प्रकरणों को राष्ट्रीय लोक अदालत में रेफर कर उनका निस्तारण करवाया जाए। इसके अतिरिक्त “मीडियेशन फॉर नेशन 2.0” अभियान के तहत न्यायालयों में लंबित मामलों के पक्षकारों के बीच समझाइश कर उन्हें मध्यस्थता के माध्यम से निपटाने के लिए उक्त अभियान में रेफर करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हनुमानगढ़ के सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने भी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक अधिकारियों को अपने-अपने न्यायक्षेत्र में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जा सकता है। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
