-सत्संग समागम को लेकर तेज हुआ प्रचार अभियान, प्रशासनिक अधिकारियों को दिया निमंत्रण
हनुमानगढ़। शहर में आयोजित होने वाले जगतगुरु तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज के सत्संग समागम को लेकर श्रद्धालुओं व सेवादारों द्वारा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सेवादारों ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों को निमंत्रण पत्र देकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। जिला सेवादार पवन दास स्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 मार्च, रविवार को अरिहंत भवन, लक्ष्मी नगर, संगरिया रोड स्थित स्थल पर भव्य सत्संग समागम का आयोजन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और सदाचार का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। समागम के दौरान दहेज मुक्त विवाह समारोह का भी आयोजन किया जाएगा, जिसे आध्यात्मिक भाषा में “रमेणी” कहा जाता है। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य समाज में व्याप्त दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को समाप्त कर सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना है। इस विवाह में किसी प्रकार का दहेज या दिखावा नहीं किया जाएगा, बल्कि आध्यात्मिक मर्यादाओं के साथ सादगीपूर्ण तरीके से वैवाहिक संस्कार संपन्न कराए जाएंगे।

सत्संग समागम के प्रचार के लिए सेवादारों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। इस दौरान घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है और उन्हें सत्संग में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। इसी क्रम में स्थानीय विधायक गणेश राज बंसल, भाजपा नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रामप्रताप, जिला कलेक्टर खुशाल यादव, उप जिला कलेक्टर उमेदी लाल मीणा, एसडीएम मांगीलाल सुथार, सुमित रिणवा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू, कांग्रेस नेता भूपेंद्र चौधरी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर तथा बार एसोसिएशन अध्यक्ष रोहित खींची सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण पत्र सौंपे गए। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर सत्संग का लाभ उठाने तथा दहेज मुक्त विवाह (रमेणी) के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सेवादार लगातार जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं।

