हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास की बैठक का आयोजन शुक्रवार को संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में सावन शिवरात्रि, कल्याण भूमि मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य तथा 15 एवं 16 अगस्त को आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां तय कीं। बैठक में निर्णय लिया गया कि 11 अगस्त को पड़ने वाली सावन शिवरात्रि के मौके पर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, भजन-कीर्तन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जाएंगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूजा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रसाद वितरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर कल्याण भूमि मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित सदस्यों से निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर को धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केन्द्र बनाने के उद्देश्य से निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 15 एवं 16 अगस्त को कल्याण भूमि मंदिर में जिले की विभिन्न रामायण मंडलियों के सहयोग से रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में अनेक मंडलियां हिस्सा लेकर अखंड रामायण पाठ एवं भक्ति संगीतमय प्रस्तुतियां देंगी। आयोजन को लेकर मंडलियों से समन्वय, मंच व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपाध्यक्ष रामचंद्र बाघला, सचिव चिमन मित्तल, सहसचिव भीष्म कौशिक, प्रचार मंत्री विजय भूतना, सुरेंद्र गाडी, रतिराम शाक्य, महावीर शर्मा, महेश लकेसर, साहबराम करड़वाल, अनिल शर्मा, सुनील मिड्ढा, रामकुमार नागपाल, सुनील चुघ, वीरेंद्र गोयल, सुरेंद्र गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
