हनुमानगढ़। राजस्थान आवासन मण्डल की ओर से 15 दिसम्बर, 2025 को नई आवासीय योजना, फेज-3, निकट डीटीओ ऑफिस, हनुमानगढ़ (विशिष्ट पंजीकरण योजना 2025) के अंतर्गत मध्यम आय वर्ग-अ (जी+3) फ्लैट्स की योजना का शुभारम्भ किया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई है। इसी सिलसिले में रविवार, 22 फरवरी को आवेदकों की सुविधा के लिए आवासीय अभियंता खण्ड हनुमानगढ़ कार्यालय (9/58-59, पुरानी आवासीय योजना, हनुमानगढ़) में विशेष हेल्प डेस्क का आयोजन किया जा रहा है। हनुमानगढ़ स्थित इस योजना के अंतर्गत लगभग 160 सुव्यवस्थित फ्लैट्स का निर्माण प्रस्तावित है। प्रत्येक फ्लैट का अनुमानित निर्मित क्षेत्रफल 74.61 वर्गमीटर रखा गया है, जबकि अनुमानित लागत 24 लाख रुपए से 28 लाख रुपए के मध्य निर्धारित की गई है। यह योजना आधुनिक सुविधाओं एवं उत्कृष्ट कनेक्टिविटी के साथ विकसित की जा रही है, जिससे आमजन को किफायती दर पर गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध हो सके। योजना का स्थान अत्यंत सुगम एवं सुविधाजनक है। यहां से रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड लगभग 3.50 किलोमीटर की दूरी पर तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज मात्र 0.05 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे आवागमन एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होती है। इस मौके पर इच्छुक आवेदकों को योजना संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी तथा मौके पर ही आवेदन पत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। योजना में ऑनलाइन आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करें। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय समय में हेल्पलाइन नम्बर 0141-2744688, 0141-2740009 अथवा मोबाइल नम्बर 9461054291, 6376868696, 9460254319 पर संपर्क किया जा सकता है। राजस्थान आवासन मण्डल प्रदेशवासियों को किफायती, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
