हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी के तत्वावधान में 2 जून को ऐलनाबाद के सेतिया मैरिज पैलेस, सिरसा रोड में सुबह 9 बजे से ‘गौरवोत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। सद्भाव क्लब के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है। समारोह में सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के कक्षा 12वीं के उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। आयोजकों ने बताया कि श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी एवं गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल की ओर से पिछले पांच वर्षांे से लगातार इस प्रकार के प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से हनुमानगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और गुरुजनों को सम्मानित कर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में समारोह के लिए विद्यार्थियों का पंजीकरण जारी है। श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना उनके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान करता है। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। वहीं विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच प्रदान करना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
