हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से करीब 20 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, एसआई गजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम गुरुवार देर रात गश्त पर थी। इसी दौरान खुन्जा क्षेत्र में बाइपास रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास कार्रवाई करते हुए सनाज मोहम्मद (39) पुत्र हाकम अली निवासी वार्ड नम्बर 5, नई खुन्जा के कब्जे से 9.945 किलोग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद किया गया। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले की जांच सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला की ओर से की जा रही है। वहीं दूसरी कार्रवाई में एसआई गुरदेव सिंह ने गश्त के दौरान श्रीगंगानगर रोड पर सार्दुल ब्रांच नहर पुल के नजदीक से एक युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 10.417 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष सोनी (27) पुत्र नरेश सोनी निवासी वार्ड नम्बर 4, बाबा रामदेव मंदिर के पास, गांव जंडावाली पीएस सदर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। दूसरे मामले की जांच टाउन थाना की एसआई ज्योति को सौंपी गई है।
