हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त की ओर से 1 मई से 15 मई तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला कलक्टर हनुमानगढ़ एवं उपायुक्त आबकारी निरोधक दल जोन बीकानेर के निर्देशन में आबकारी विभाग ने जिलेभर में लगातार तीन दिनों तक संयुक्त रेड कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान गांव गोगामेड़ी, गंगाघाट, देबूघाट, श्रीनगर, मक्कासर, पीलीबंगा, 34 एसटीजी, प्रेमपुरा, डींगा एवं अमरपुरा थेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर करीब 5900 लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वॉश) नष्ट किया गया। इसके साथ ही 11 कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त कर 25 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक वृत्त हनुमानगढ़ की ओर से 3, आबकारी निरीक्षक वृत्त संगरिया की ओर से 3, आबकारी निरीक्षक वृत्त नोहर की ओर से 2 तथा आबकारी निरीक्षक वृत्त भादरा की ओर से 2 अभियोग दर्ज किए गए। वहीं प्रहराधिकारी हनुमानगढ़ की ओर से 1, प्रहराधिकारी संगरिया की ओर से 2, प्रहराधिकारी नोहर की ओर से 1 तथा प्रहराधिकारी भादरा की ओर से 1 अभियोग दर्ज किया गया। कुल मिलाकर 15 अभियोग दर्ज कर 3 मोटर साइकिलें जब्त की गईं। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि विशेष अभियान शुरू होने से अब तक कुल 22 हजार 350 लीटर उत्तेजित लाहण नष्ट किया जा चुका है तथा 21 कच्ची भट्ठियां ध्वस्त की गई हैं। इसके अलावा अब तक 58 अभियोग दर्ज कर 5 मोटर साइकिल जब्त की जा चुकी हैं। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि हथकढ़ शराब की कशीदगी एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार रेड एवं गश्त की कार्रवाई जारी है तथा भविष्य में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई में उपायुक्त आबकारी निरोधक दल जोन बीकानेर पोमाराम, हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी वीरेन्द्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार, जमादार हुसैन खान सहित आबकारी विभाग का जाप्ता शामिल रहा। विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 125 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं।
