हनुमानगढ़। नए साल के साथ शुरू हुई कड़ाके की ठंड से अब एक-दो दिन से बड़ी राहत मिली है। सुबह के समय घना कोहरे छाने के बावजूद दिन में निकल रही चटक धूप और शीतलहर का असर कम होने से लगातार तापमान बढ़ रहा है। रात के समय गर्म कपड़ों और अलाव की जरूरत पहले की तुलना में कम पड़ने लगी है। सोमवार को कोहरे का असर नजर नहीं आया। इस वजह से जल्दी धूप खिली तो जनजीवन पटरी पर लौट आया। इससे पहले रविवार को सुबह करीब 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहा लेकिन फिर अच्छी धूप निकलने से नागरिकों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिली। इसी बीच मौसम विभाग की ओर से 22-23 जनवरी को हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में चल रहे पश्चिम विक्षोभ के सिस्टमों के मध्य दो सक्रिय सिस्टमों की उपस्थिति दर्ज होने की प्रबल संभावनाओं के चलते 22 जनवरी की शाम से देर रात्रि तक असर होना शुरू होगा, जो 23, 24 तक प्रभावी रहेगा। तत्पश्चात अगला सिस्टम 26 जनवरी की शाम या देर रात से 27, 28 जनवरी तक जारी रहेगा। मुख्यत: 23 व 27 जनवरी को बारिश के दिन बारिश के अधिक आसार हैं। 23 जनवरी वाले सिस्टम का राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू जिलों सहित इससे लगते कुछ और शेखावाटी भागों में अधिक प्रभाव रह सकता है। इससे मुख्यत: पंजाब व हरियाणा के ज्यादा प्रभावित होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि से इंकार नहीं किया जा सकता व गरज-चमक की भी प्रबल संभावना है। इस दौरान 22-23 दोनों दिन अलग-अलग समयानुसार तेज झोंके रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं बनने की संभावना नहीं है क्योंकि लगातार पश्चिम विक्षोभों व बादलवाहीयुक्त मौसम के चलते जनवरी आखिर तक बड़ी गिरावट नहीं होने की संभावना है।
