
हनुमानगढ़। आबकारी विभाग की टीम ने मक्कासर नहर, कालीबंगा, पीलीबंगा, हांसलिया सहित अन्य जगहों पर दबिश देकर 2200 लीटर लाहन व 4 कच्ची भट्ठियां नष्ट करने की कार्रवाई की। साथ ही प्रकरण दर्ज किए। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि आबकारी आयुक्त उदयपुर की ओर से 15 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के मद्देनजर आबकारी विभाग हनुमानगढ़ की ओर से जिले में रेड का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव मक्कासर नहर, कालीबंगा, पीलीबंगा, हांसलिया सहित अन्य जगहों पर दबिश देकर करीब 2200 लीटर लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) व 4 कच्ची भट्ठियां नष्ट की गईं तथा 7 अभियोग दर्ज किए गए। पटावरी के अनुसार जिले में विशेष निरोधात्मक अभियान के दौरान अब तक 25 अभियोग दर्ज कर 5300 लीटर लाहन व 10 कच्ची भट्ठियां नष्ट की जा चुकी हैं। एक बाइक जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि हथकढ़ शराब की कशीदगी व बिक्री की रोकथाम के लिए निरंतर रेड गश्त का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
