हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त राजस्थान, उदयपुर तथा जिला कलक्टर हनुमानगढ़ के निर्देशानुसार आबकारी विभाग ने जिले में हथकढ़ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर संयुक्त कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान करीब 2300 लीटर उत्तेजित लाहन (शराब निर्माण के लिए तैयार वॉश) नष्ट किया गया तथा 4 कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। विभागीय टीमों ने मक्कासर, डबलीराठान, पीलीबंगा, डींगा, पीरकामड़िया, पन्नीवाली और तंदूरवाली सहित विभिन्न गांवों में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण स्थलों पर कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी मात्रा में हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार लाहन बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 2 प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार रेड और गश्त की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में आबकारी विभाग की ओर से अब तक कुल 169 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। जिले में अवैध शराब के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अवैध शराब के संबंध में सूचना देकर विभाग का सहयोग करने की अपील की। कार्रवाई करने वाली टीम में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार, जमादार हुसैन खान और राजेन्द्र सिंह सहित विभागीय जाप्ता शामिल रहा।
