हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने करीब 30 ग्राम चिट्टा बरामद पड़ोसी राज्य हरियाणा के युवक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई गश्त के दौरान संगरिया रोड पर की गई। पुलिस के अनुसार जंक्शन थाना के एसआई गजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम सोमवार रात्रि को थाना क्षेत्र में गश्त पर थी। गश्त करते हुए टीम संगरिया रोड स्थित गांव सतीपुरा की रोही में फतेहपुर लिंक रोड के पास पहुंची तो वहां एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता नजर आया। टीम ने युवक को डिटेन कर पूछताछ की तो उसकी पहचान धर्मवीर उर्फ धर्मा (20) पुत्र दयालचन्द मेघवाल निवासी चौटाला तहसील डबवाली जिला सिरसा, हरियाणा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान धर्मवीर उर्फ धर्मा के कब्जे से 29.52 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। टीम ने आरोपी धर्मवीर उर्फ धर्मा को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया। अनुसंधान एसआई गुरदेव सिंह की ओर से जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई गजेन्द्र शर्मा, कांस्टेबल योगेन्द्र कुमार, जीतराम, भागीरथ लाल, सुरेन्द्र कुमार व जगननाथ शामिल रहे।
