हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रावतसर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 495 ग्राम अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थांे, हथियारों, जुआ-सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रावतसर पुलिस थाना प्रभारी ईश्वरानन्द के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजेन्द्र शर्मा व उनकी टीम ने नाकाबंदी के दौरान पल्लू से रावतसर रोड स्थित हरदासवाली तिराहा रोही धन्नासर पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशनलाल (37) पुत्र मोहनलाल जाट निवासी मुरड़ा तहसील आमेठ पीएस सरदारगढ़ जिला राजसमंद को 495 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पल्लू पुलिस थाना प्रभारी सुरेश मील की ओर से की जा रही है। इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन एवं गोपनीय सूचना जुटाने में थाना के कांस्टेबल देवीलाल तथा जिला विशेष टीम सैक्टर नोहर की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विजेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल दीनदयाल, कांस्टेबल मोहनलाल और मुकेश कुमार शामिल रहे।
