हनुमानगढ़। जान से मारने की धमकी और 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में नोहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी आर्म्स एक्ट और फिरौती से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले इसी प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नोहर पुलिस थाना के प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने प्रकरण संख्या 105/2026 में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश निगम पुत्र मुन्नालाल निवासी पुर्णपुरा पीएस पिनाहट जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) तथा शिवासिंह उर्फ शिवा गुर्जर पुत्र नारायण सिंह निवासी लाडवापुरा पीएस पिनाहट जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। एसपी के अनुसार, 28 मार्च को परिवादी शहनबाज उर्फ सद्दाम पुत्र अहमद अमीर पठान निवासी इंदिरा कॉलोनी, नोहर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि करीब तीन माह पूर्व जब वह अपने घर के बाहर बैठा था, तब दो युवक उसके पास आए और खुद को आकाश निगम व शिवा गुर्जर बताया। आरोप है कि उन्होंने परिवादी पर अमर सिंह बुडानिया की हत्या करने का दबाव बनाया। मना करने पर उसके साथ मारपीट की और 50 लाख रुपए की फिरौती मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी। परिवादी ने यह भी बताया कि आरोपियों ने खुद को एक सक्रिय गैंग का सदस्य बताया और कहा कि उनके पास कई हथियार हैं तथा वे फिरौती के लिए हत्या तक कर देते हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर नोहर थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान इससे पहले मोनू पुत्र बलवान सिंह, संदीप पुत्र जय सिंह और अनिल उर्फ चोटिया उर्फ गुरु को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य कड़ियों की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार के साथ एएसआई रविन्द्र मीणा, कांस्टेबल रामहरी, सुभाषचन्द्र और राजकुमार की टीम शामिल रही।
