हनुमानगढ़। संगरिया तहसील के नगराना गांव निवासी एक किसान ने कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने की आशंका जताते हुए जिला कलक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। किसान का आरोप है कि मामला एसडीओ न्यायालय में विचाराधीन होने और यथास्थिति के आदेश के बावजूद कुछ लोग विवादित भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। रवि कुमार पुत्र काशीराम गोसाईं ने बताया कि चक 11 एसबीएन, चक 5 एनजीआर और चक 13 एसबीएन की कृषि भूमि राजस्व रिकॉर्ड में साझेदारी खाते में दर्ज है। इस भूमि से संबंधित प्रकरण एसडीओ न्यायालय, संगरिया में विचाराधीन है, जहां यथास्थिति बनाए रखने के आदेश जारी हैं। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि नामजद पक्षकार और अन्य लोग न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करते हुए विवादित भूमि में जबरन प्रवेश कर कब्जा करने तथा काबिज काश्तकार को बेदखल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका परिवार पिछले करीब 70 वर्षांे से उक्त भूमि पर खेती कर रहा है। संबंधित लोगों को पहले भी पुलिस की ओर से पाबंद कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद वे जबरन कब्जा करने पर आमादा हैं। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को जान-माल के नुकसान की धमकियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी आरोपितों की होगी। रवि कुमार ने जिला प्रशासन से आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने और शांति भंग करने से पाबंद करने की मांग की।
