हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के व्यस्त इलाके शहीद भगत सिंह चौक के पास स्थित करीब 70 वर्ष पुराना बंद पड़ा कुआं इन दिनों स्थानीय लोगों और दुकानदारों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। जर्जर हालत में मौजूद इस कुएं के चलते किसी भी समय हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने बताया कि यह कुआं लंबे समय से उपयोग में नहीं है और इसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है। पहले इस कुएं से शहर के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब इसके समानांतर सबमर्सिबल पंप के जरिए अन्य स्थानों पर पानी सप्लाई किया जा रहा है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण लगभग आठ महीने पहले यह कुआं धंस गया था, जिसके बाद से आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को हर समय दुर्घटना का डर सता रहा है। सुशील बहल ने यह भी बताया कि उन्होंने इस संबंध में 4 अगस्त 2025 को जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को भी पत्र लिखकर अवगत कराया था, लेकिन आठ महीने बीत जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस पुराने कुएं को जल्द से जल्द मिट्टी भरकर समतल किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। इस पर एडीएम ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
