हनुमानगढ़। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने सफाई कर्मचारी यूनियन के लंबे समय से लंबित चुनाव करवाने की मांग को लेकर नगर परिषद प्रशासक अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2017 में यूनियन अध्यक्ष का अंतिम चुनाव हुआ था, जिसके बाद आज तक चुनाव नहीं कराए गए हैं। इससे यूनियन का अध्यक्ष पद वर्षांे से रिक्त पड़ा है। ज्ञापन में बताया गया कि पहले प्रत्येक दो वर्ष में यूनियन अध्यक्ष का चुनाव होता था, लेकिन 2017 के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह ठप हो गई। कर्मचारियों का कहना है कि यूनियन का लोकतांत्रिक ढंग से गठन होना आवश्यक है ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान हो सके। कर्मचारियों ने प्रशासक से जल्द से जल्द चुनाव कराने की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। साथ ही चुनाव के लिए दो प्रमुख शर्तांे भी प्रस्तावित की हैं। पहली, संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को भी मतदान का अधिकार दिया जाए। दूसरी, यूनियन अध्यक्ष पद के लिए सफाई कर्मचारी और गैर-सफाई कर्मचारी दोनों को आवेदन करने की अनुमति दी जाए। इस मौके पर ममता, शंकरलाल, महेश कुमार, राजेश कुमार, अजय कुमार, अशोक कुमार सहित कई अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
