
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय एवं विशेष शिक्षा संकाय की ओर से शुक्रवार को चार साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम इतिहास विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। निबंध प्रतियोगिता के पश्चात छात्र-छात्राओं को चार साहिबजादे (पार्ट-2) पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। इससे छात्र-छात्राओं को साहिबजादों के बलिदान और उनके ऐतिहासिक महत्व को समझने का मौका मिला। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि चार साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का ऐसा स्वर्णिम अध्याय है, जो हमें धर्म, सत्य और साहस के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस प्रकार के आयोजन छात्र-छात्राओं में राष्ट्र प्रेम, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं। ट्रस्ट सदैव ऐसे शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहन देता रहेगा। शिक्षा संकाय अधिष्ठाता डॉ. विक्रम औलख ने बताया कि वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को विश्वविद्यालय प्रांगण में भक्त नामदेव गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी गुरप्रीत सिंह की ओर से कथा विचार किया जाएगा। प्रतियोगिता प्रभारी मदनलाल शर्मा ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
