हनुमानगढ़। टाउन शहर के निकटवर्ती ग्राम अमरपुरा थेहड़ी स्थित ऐतिहासिक व प्राचीन मां भद्रकाली मंदिर में चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में आयोजित नौ दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 19 मार्च से शुरू हुए इस मेले का मुख्य आकर्षण 27 मार्च को नौवें नवरात्र के दिन रहेगा, जब मंदिर परिसर में विशाल स्तर पर मुख्य मेला भरेगा। चैत्र नवरात्र मेले में राजस्थान सहित आसपास के राज्यों से लाखों श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगते हैं। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) की ओर से श्रद्धालुओं के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि समिति पिछले करीब 45 वर्षों से इस मेले में सेवा कार्य निभा रही है। समिति द्वारा प्रथम नवरात्र से आयोजित किए जा रहे आठ दिवसीय भंडारे का शुक्रवार को दूसरे नवरात्रे के अवसर पर 31 कन्याओं के पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संतराम जिंदल, वर्तमान अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, सचिव दिलीप सिंह ढिल्लों तथा पूर्व सचिव सन्नी जुनेजा ने सपरिवार कन्याओं का पूजन कर भंडारे की शुरुआत की। समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान समिति अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल, सचिव सुनील धूड़िया, उपाध्यक्ष व मेला प्रभारी रामकुमार मंगवाना, विनोद गर्ग, मनीशंकर जलंधरा, नितिन बंसल, गणेश बागड़ी, देवीलाल, रमेश काठपाल, चंचल पारीक, विकास कालू कश्यप, नवीन मिड्ढा, योगेश कुमार, रंजन सैन, भगवान सिंह, बजरंग सिंह, विश्वनाथ सैनी, अजय शर्मा, कृष्णावतार शर्मा, विकास कालड़ा, विक्की सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मेले के दौरान समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल व अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
