हनुमानगढ़। टाउन में बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गोशाला में शनिवार को यूथ वीरांगनाओं की ओर से गोवंश सेवा का कार्य किया गया। इस मौके पर गोवंश के लिए सवामणी का आयोजन किया गया, जिसमें वीरांगनाओं ने स्वयं अपने हाथों से गोवंश को सवामणी खिलाकर सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरणादायी संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान यूथ वीरांगना संगीता ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य मानव सेवा के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सेवा करना भी है। उन्होंने कहा कि फाटक गोशाला में बीमार, दुर्घटनाग्रस्त और असहाय गोवंश की सेवा कर उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जीव-जंतुओं की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में करुणा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को सशक्त करते हैं। गौसेवा जैसे प्रयास युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और समाज में सेवा संस्कार को मजबूत करते हैं। फाटक गोशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने यूथ वीरांगनाओं की इस पहल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और दूसरों को भी आगे आकर सेवा करने के लिए प्रेरित करते हैं। इस मौके पर यूथ वीरांगना रजनी, मीनाक्षी, भावना, कंचन, एशना, सरोज मौजूद रहीं और सभी ने मिलकर सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।
