हनुमानगढ़। स्थित शहीद स्मारक पर सोमवार को बलिदान दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर देश के अमर शहीदों को नमन किया। सभा में वरिष्ठ पत्रकार पृथ्वीराज सूरवीर, स्थानीय स्काउट गार्ड की चेयरमेन मधु बंसल, उपप्रधान राजेंद्र बंसल और कोषाध्यक्ष भूपेंद्र कौशिक सहित नागरिक सुरक्षा मंच से डॉ. ओ.पी. सुथार, मोहन शर्मा, नरेंद्र यादव, मुकेश योगी, दीपेंद्र शर्मा और प्रदीप गोठवाल मौजूद रहे। शहीद स्मारक लाइब्रेरी के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर “इंकलाब जिंदाबाद” और “शहीद अमर रहें” के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश आकाश में गुंजायमान किया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से भर उठा। शहीद स्मारक के संस्थापक एडवोकेट शंकर सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे लाखों क्रांतिवीरों और शहीदों के बलिदान से देश को आजादी मिली है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लें और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने कहा कि बलिदान दिवस केवल औपचारिकता निभाने या मौन रखने का दिन नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन करने का अवसर है। शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित करना ही सच्ची श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके चरित्र, त्याग और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है। इस अवसर पर छात्रा हिना और छात्र ईशान ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को शहीदों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और शहीदों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
