हनुमानगढ़। राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के सदस्यों ने जिला अध्यक्ष जगनंदन सिंह के नेतृत्व में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शिक्षकों ने “शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव अमर रहें”, “इंकलाब जिंदाबाद, साम्राज्यवाद मुर्दाबाद” तथा “अमर शहीदों का है पैगाम, जारी रखना है संग्राम” जैसे जोशीले नारे लगाए। इसके बाद शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री के नाम मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कम नामांकन के आधार पर विद्यालयों को बंद नहीं करने, शिक्षकों को बीएलओ सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने तथा विभाग में खाली पड़े पदों पर स्थायी भर्ती करने की मांग की गई।

इस अवसर पर जिला मंत्री राम निवास ने कहा कि नामांकन अभियान के दौरान प्रशासन द्वारा शिक्षा का अधिकार कानून और विभागीय दिशा-निर्देशों की अवहेलना करते हुए शिक्षकों को चुनाव जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि विभाग में शिक्षकों के एक लाख से अधिक पद रिक्त हैं, जिससे पहले से ही शिक्षक-कमी से जूझ रहे विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कम नामांकन के कारणों का समाधान करने के बजाय विद्यालयों को मर्ज करने से बड़ी संख्या में बच्चे शिक्षा से दूर हो सकते हैं। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने और रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती की मांग को लेकर आगामी सत्र में जनता के सहयोग से आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सक्सेना, जिला कोषाध्यक्ष अनिल कुमार, दारा सिंह, हनुमानगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष दलीप सिंह तथा राजेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
