हनुमानगढ़। टाउन स्थित स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता को साबित किया है। सत्र 2025-26 के कक्षा 10वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया और जिले में विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कक्षा 10वीं में विद्यालय के कुल 74 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 45 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की। यह परिणाम विद्यालय की निरंतर शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 14 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है। परिणामों में कु. समीक्षा पुत्री विनोद कुमार ने 96.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कु. खुशी ने 93 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इन मेधावी छात्राओं की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और पूरे क्षेत्र में विद्यालय की सराहना हो रही है। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के अनुभवी एवं समर्पित शिक्षकों की टीम तथा विद्यालय के डायरेक्टर योगेश शर्मा के मार्गदर्शन को दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय का अनुशासित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मनीराम भाम्भू, अशोक कुमार, पूनम और सौरभ उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय की टॉपर समीक्षा ने अपने लक्ष्य के बारे में बताते हुए कहा कि वह भविष्य में आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय प्रबंधन को दिया। विद्यालय के डायरेक्टर योगेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अच्छी पुस्तकों का अध्ययन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या शर्मा, संजय कुमार, देवीलाल न्योल, सुधीर कुमार, दीपेश कुमार, रविंद्र कुमार, लक्ष्मण, गुरमीत सिंह सहित विद्यालय स्टाफ के सदस्य और अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
