ऐलनाबाद। केंद्रीय कपास अनुसंधान संस्थान (सीआईसीआर) के क्षेत्रीय स्टेशन सिरसा में डॉ. एस.के. वर्मा ने बुधवार को कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार ग्रहण करने पर संस्थान के वैज्ञानिकों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और उनसे संस्थान की शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई। डॉ. एस.के. वर्मा पादप प्रजनन एवं अनुवांशिकी विषय के प्रख्यात वैज्ञानिक हैं। उन्होंने इसी विषय में डॉक्टरेट की डिग्री प्राप्त की है और लंबे समय से कपास अनुसंधान के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इससे पूर्व वे संस्थान में प्रधान वैज्ञानिक (पादप प्रजनन एवं अनुवांशिकी) के पद पर कार्यरत थे और अपने शोध कार्यों के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं। विशेष रूप से देसी कपास के विकास और सुधार के क्षेत्र में डॉ. वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने शोध कार्यों के दौरान देसी कपास की उन्नत किस्में सीआईसीआर-1 और सीआईसीआर-3 विकसित की हैं। इसके साथ ही उन्होंने देसी कपास की संकर किस्में सीआईसीआर-2 और सीआईसीआर-4 भी तैयार की हैं, जो उत्तरी भारत के किसानों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार डॉ. वर्मा के नेतृत्व में क्षेत्रीय स्टेशन सिरसा में कपास की नई उन्नत किस्मों के विकास, उत्पादन बढ़ाने और किसानों को बेहतर तकनीकी मार्गदर्शन देने की दिशा में और अधिक प्रभावी कार्य किए जाने की उम्मीद है। उनके पदभार संभालने से संस्थान की अनुसंधान गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
