हरियाणा/हिसार। देश सेवा के लिए समर्पित प्रमुख सामाजिक एवं धार्मिक संस्था अखिल भारतीय सेवा संघ की प्रांतीय कार्यशाला आगामी 14 जून 2026 (रविवार) को डबवाली स्थित ओम रिसोर्ट में आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में प्रदेशभर से संघ की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य भाग लेंगे। कार्यशाला की अध्यक्षता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इन्द्र गोयल करेंगे, जबकि राष्ट्रीय महासचिव विनोद धवन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी संघ के राष्ट्रीय सचिव राजिंदर गर्ग ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, नई शाखाओं के गठन तथा संघ के विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही सदस्यता अभियान को गति देने और विभिन्न सेवा प्रकल्पों के प्रभावी संचालन पर भी विचार-विमर्श होगा। राजिंदर गर्ग ने कहा कि अखिल भारतीय सेवा संघ समाज सेवा, धार्मिक जागरूकता और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कार्यशाला के माध्यम से संगठन की भावी योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित किया जाएगा। उधर, डबवाली शाखा द्वारा कार्यशाला की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और प्रदेशभर से आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। कार्यशाला को लेकर संघ पदाधिकारियों और सदस्यों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि यह आयोजन संगठन की गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संवाददाता- राजेश सलूजा
