– ड्रोन और डॉग स्क्वाड की मदद से की गई तलाशी, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, कई वाहन जब्त, संदिग्धों से पूछताछ जारी
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार अपराधियों एवं नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को हनुमानगढ़ पुलिस ने टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव गुड़िया में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। अलसुबह भारी पुलिस जाप्ते के साथ की गई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया गया।

पूरे गांव एवं आसपास के क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की गई, जबकि मादक पदार्थों की तलाश के लिए विशेषज्ञ डॉग स्क्वाड टीमों को भी तैनात किया गया। स्निफर डॉग्स की सहायता से चिन्हित मकानों, खेतों तथा अन्य संदिग्ध स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। अभियान में वृत्ताधिकारी संगरिया रमेश माचरा, वृत्ताधिकारी रावतसर राजेंद्र कुमार, विभिन्न थानों के थानाधिकारी, पुलिस लाइन एवं अन्य इकाइयों के अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। पुलिस टीमों ने एक साथ कई चिन्हित स्थानों पर दबिश देकर तलाशी ली।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कई संदिग्ध वाहनों को जब्त किया है। वहीं नशा तस्करी एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी जांच एवं कार्रवाई पूरी होने के बाद जारी की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
