हनुमानगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मंगलवार को टाउन स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानूनी जानकारी देने के साथ डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट, 138 एनआई एक्ट न्यायालय अंशिका तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिवक्ता एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल के आयुष हिसारिया मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं न्याय विभाग से कनिष्ठ सहायक योगेश मीणा और मुकुंद ओझा भी मौजूद रहे। शिविर में विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट अंशिका ने विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और कानून की पालना के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने तथा समाज में न्याय और समानता की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कानून के प्रति जागरूकता प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, ताकि वह अपने अधिकारों को समझने के साथ अपने कर्तव्यों का भी जिम्मेदारी से निर्वहन कर सके। अधिवक्ता आयुष हिसारिया ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसके अनावश्यक उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से जुड़े जोखिमों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, ऑनलाइन सतर्कता बरतने और अपनी निजी जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने का संदेश दिया। इस मौके पर टाइम्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. सागरमल लड्ढा, डायरेक्टर गोपाल लड्ढा, पूनम लड्ढा, विद्यालय की प्रधानाचार्या नेहा शर्मा तथा बीएड प्राचार्य डॉ. रामप्रताप जांगू सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
