– बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 30674 चालान, तेज गति के 21924 और लेन उल्लंघन के 15607 मामले शामिल
हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यातायात पुलिस की ओर से मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के साथ उन्हें यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। यातायात पुलिस ने इस साल जनवरी से अब तक कुल 84 हजार 946 चालान किए हैं। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 374 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। तेज गति से वाहन चलाने पर 21 हजार 924, लेन उल्लंघन पर 15 हजार 607 और गलत दिशा में वाहन चलाने पर 448 चालान किए गए। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के 1584 चालान किए गए, जबकि खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के मामले में चार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने पर 30 हजार 674 और बिना सीट बेल्ट चौपहिया वाहन चलाने पर 2050 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। चलते वाहन में मोबाइल फोन पर बात करने के 2041 तथा लाल बत्ती का उल्लंघन करने के 46 मामले सामने आए। इसके अलावा 9335 लोगों के खिलाफ अन्य मामलों में कार्रवाई की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन और अन्य कमियों के चलते एक हजार से अधिक वाहनों को सीज किया गया है। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले, बिना नंबर प्लेट वाले और आवश्यक दस्तावेजों की कमी वाले वाहन शामिल हैं।
स्कूलों में 54 जागरूकता शिविर, निकालीं 15 रैलियां
यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा ने बताया कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस साल स्कूलों में 54 जागरूकता शिविर लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही 15 रैलियां भी निकाली गई हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमों की सख्ती से पालना के लिए प्रेरित करना है।
दीपावली पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था
दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष पार्किंग प्लान तैयार किया जा रहा है। जंक्शन और टाउन में अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। कुछ स्थानों पर दीपावली के दौरान वाहनों की एंट्री भी बंद की जाएगी, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति पैदा न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
फर्जी ई-चालान लिंक से रहें सावधान
यातायात शाखा प्रभारी ने सोशल मीडिया और मोबाइल फोन पर भेजे जाने वाले फर्जी चालान लिंक के जरिए होने वाली साइबर ठगी के प्रति भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन पर चालान से संबंधित कोई संदिग्ध लिंक आए तो उसे न खोलें। यदि कोई व्यक्ति अनजाने में साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तत्काल साइबर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाए। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात के सभी नियमों की पालना करने और सड़क सुरक्षा में सहयोग देने की अपील की।
